जयपुर पोलो सीजन में एक पखवाड़े में दूसरी दुर्घटना, पोलो ग्राउण्ड पर मैच के दौरान हुई घोड़े की मौत
खेल के चौथे चक्कर के बाद हुई घटना
रामबाग पोलो ग्राउण्ड रविवार को जयपुर अरावली और केरिसिल सुहाना के बीच सिरमौर कप के फाइनल मुकाबले के दौरान एक दुखद घटना घटी, जब एक घोड़े ने मैदान पर ही दम तोड़ दिया। घोड़े की मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है।
जयपुर। रामबाग पोलो ग्राउण्ड रविवार को जयपुर अरावली और केरिसिल सुहाना के बीच सिरमौर कप के फाइनल मुकाबले के दौरान एक दुखद घटना घटी, जब एक घोड़े ने मैदान पर ही दम तोड़ दिया। घोड़े की मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। इस हादसे ने 13 साल पहले की घटना की याद ताजा कर दी। तब 17 जनवरी 2013 को भवानी सिंह कप में सहगल स्टड और आईपीजी राजस्थान के मध्य मैच के दौरान एक साथ दो घोड़ों की मौत हो गई थी। ये संयोग की बात है कि 13 साल पहले हुई घटना के अम्पायरिंग कर रहे जैसन डिक्सन ही आज भी अम्पायर की भूमिका में थे।
खेल के चौथे चक्कर के बाद हुई घटना
रविवार को जयपुर और केरिसिल के मध्य मैच के चौथे चक्कर की समाप्ति पर यह घटना घटी। केरिसिल सुहाना के कुलदीप सिंह राठौड़ चक्कर पूरा होने के बाद स्टेडियम छोर और ग्राउण्ड के बाईं ओर मैदान के बाहर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुलदीप घोड़े से उतरे और पलक झपकते ही घोड़ा जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। अम्पायर जैसन डिक्सन ने घोड़े की जांच की लेकिन उसकी सांसें थम गईं।
मौजूदा सीजन की दूसरी घटना
मौजूदा सीजन की यह दूसरी घटना है। इससे पहले कोग्निवेरा कप पोलो टूर्नामेंट के दौरान भी एक घोड़े की मैदान पर गिरने के बाद मौत हो गई थी।
2013 में हुआ ऐसा हादसा
तेरह साल पहले 17 जनवरी के दिन भवानी सिंह कप में सहगल स्टड और आईपीजी के मध्य मैच शुरू होने के 40 सैकंड बाद ही विक्की निहलानी का घोड़ा अचानक गिर पड़ा। घोड़ा मैदान पर कुछ क्षण तो छटपटाया फिर शान्त हो गया। घोड़े को हॉर्स एम्बुलेंस के जरिए बाहर भेजा गया। लेकिन खेल का चौथा चक्कर शुरू होते ही सहगल स्टड टीम के ही बुची प्रकाश का घोड़ा मैदान पर गिर पड़ा और उसकी भी मौत हो गई। अपने दो घोड़ों की अचानक हुई मौत से सहगल स्टड के खिलाड़ी इतने आहत थे कि उन्होंने आगे खेलने से इनकार कर दिया।

Comment List