शारदीय नवरात्र : घटस्थापना के साथ देवी का आह्वान, शिला माता के दरबार में उमड़ी आस्था
मंदिरों में सुबह से ही घंटे-घड़ियालों की गूंज सुनाई दी
जयपुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को शहर में धार्मिक माहौल रहा। मंदिरों में सुबह से ही घंटे-घड़ियालों की गूंज सुनाई दी। घरों में विधि-विधान से घट स्थापना कर माता रानी की आराधना की और परिवार में सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। सुबह से ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।
आमेर स्थित प्रसिद्ध शिला माता मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को चुनरी, नारियल, पुष्प और प्रसाद अर्पित कर पूजा की। घरों में भी महिलाओं ने नवरात्र की पूजा-अर्चना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। कई श्रद्धालुओं ने नवरात्र के नौ दिनों तक व्रत रखने का संकल्प लिया। नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। पूजा सामग्री, नारियल, चुनरी, फू ल-माला और प्रसाद की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
मनसा माता मंदिर में हुई घट स्थापना :
जयपुर के आराध्य देव गोविन्द देव जी का नवरात्र के प्रथम दिन विशेष अभिषेक हुआ और ठाकुरजी को नवीन लाल रंग की लप्पा जामा पोशाक धारण कराई। साथ ही, विशेष अलंकार श्रृंगार तथा सिरपेच धारण कराया गया। आमेर रोड स्थित मनसा माता मंदिर कनक घाटी में शारदीय नवरात्र पूजन एवं घट स्थापन किया। कनक घाटी में देवी श्री मनसा माता जी का मंदिर एक प्राचीन मंदिर है जो की मंदिर श्री राधा माधव जी आमेर के पश्चिम दिशा में स्थित है।

Comment List