ब्लेस्ड होम आनंद में बनेगा शिव परिवार और राधा-गोविंद मंदिर , शुक्रवार को मंदिर की भूमि पूजन
बुजुर्गों को मिलेगा आध्यात्मिक वातावरण
जयपुर। जीवन की दूसरी पारी को सम्मान, आत्मनिर्भरता और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ जीने की इच्छा रखने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए जयपुर के गुड़ा सर्जन गांव में विकसित किए जा रहे ब्लेस्ड होम आनंद परिसर में शुक्रवार को मंदिर का भूमि पूजन हुआ। जीवन लक्ष्य फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शिव परिवार एवं राधा-गोविंद मंदिर की नींव रखी गई। फाउंडेशन की संस्थापक अंजू गर्ग ने बताया कि ब्लेस्ड होम आनंद का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे जीवन की दूसरी पारी को उत्साह, सुरक्षा और आत्म- सम्मान के साथ जी सकें। मंदिर में गर्भगृह के अतिरिक्त एक बड़ा भजन हॉल बनाया जाएगा। परिसर में कृष्ण वाटिका और मधु कुंज नाम से दो छोटे लॉन भी विकसित होंगे। पूरी परियोजना की परिकल्पना इस तरह की गई है कि यहां रहने वाले बुजुर्गों को घर के शांत वातावरण में ही ब्रजभूमि के 84 कोस के धामों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल सके।
सात वर्षों में पांच लाख से अधिक सेवा कार्य :फाउंडेशन ने मानवता की सेवा और समाज में सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से सात वर्षों का सफ र पूरा किया है। संस्था की ओर से अब तक करीब पांच लाख सेवा कार्य किए जाने का दावा किया है। इसी सेवा यात्रा को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवास विकसित किया है। इस पुनीत पहल में मनोहरपुर के गर्ग परिवार ने करीब दो बीघा जमीन दान की हैं। परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 50 वरिष्ठ नागरिकों और 10 निराश्रित बच्चों के रहने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा जोर : परिसर में प्रत्येक कक्ष के साथ अटैच्ड बाथरूम, आपातकालीन बटन, इंटरकॉम और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था होगी। इसके अलावा क्लिनिक 24 घंटे मेडिकल एवं नर्सिंग केयर, योग कक्ष, मंदिर, हवन स्थल, सत्संग हॉल, पुस्तकालय, आॅडिटोरियम, मल्टीपर्पज हॉल, लिफ्ट, रैंप, व्हीलचेयर अनुकूल रास्ते और एंटी.स्किड फ्लोरिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परिवार से जुड़ाव और सम्मान को प्राथमिकता : संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके परिवार से दूर करने के बजाय परिवार के साथ जुड़े रहने के लिए प्रेरित करना है। परिस्थितिवश परिवार से दूर रहने वाले बुजुर्गों को अपनेपन, सुरक्षा और सम्मान के साथ आश्रय उपलब्ध कराना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक सुरेंद्र अबूसरिया, बॉलीवुड गायक रविंद्र उपाध्याय, हिंदी लेखक महावीर प्रसाद अग्रवाल, दीपाली बागोटिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Comment List