11वें दिन भी जारी शुभम रेवाड़ का आमरण अनशन, एसएमएस अस्पताल से संघर्ष बरकरार
अस्पताल में भी अनशन जारी
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनावों की बहाली और राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना की मांग को लेकर छात्र नेता शुभम रेवाड़ का आमरण अनशन रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें सवाई मानसिंह एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल से ही अपना अनशन जारी रखा है।
रेवाड़ की प्रमुख मांगों में प्रदेश में छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली तथा राजस्थान विश्वविद्यालय में राजस्थानी भाषा का पृथक विभाग स्थापित करना शामिल है। उनका कहना है कि ये मांगें छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और प्रदेश की मातृभाषा के सम्मान से जुड़ी हुई हैं। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। लाडनूं विधायक मुकेश भाकर ने अस्पताल पहुंचकर शुभम रेवाड़ से मुलाकात की और उनकी मांगों को उचित बताते हुए समर्थन दिया। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ DUSU अध्यक्ष रौनक खत्री सहित कई नेताओं ने भी आंदोलन के प्रति समर्थन जताया है।
अस्पताल से जारी संदेश में शुभम रेवाड़ ने कहा कि जब तक सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

Comment List