समाज से ही देश बनता है, सभी समाजों का सामाजिक आर्थिक विकास होना चाहिए : अन्नपूर्णा देवी
फिर उठी अहीर रेजीमेंट की मांग
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक
जयपुर। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी यादव ने कहा कि समाज से ही देश बनता है, सभी समाजों का सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास होगा, तभी देश भी तरक्की करेगा। यादव समाज का पौराणिककाल से गौरवशाली इतिहास रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के गीता का ज्ञान आज पूरे विश्व में आध्यात्म का केंद्र है। यादव अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन समारोह में सम्बोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ओबीसी की समस्याओं के निराकण के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़े वर्ग को शक्ति प्रदान करने की पहल की गई है।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.स्वपन कुमार घोष ने की। बैठक में जातिगत जनगणना और अहीर रेजिमेंट की मांग पूरे देश में पुरजोर तरीके से उठाने का निर्णय लिया गया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश यादव ने बताया कि यादव सैनिकों का भारतीय सेनाओं में गौरवशाली इतिहास रहा हैं। चीन, पाकिस्तान युद्धों में यादव सैनिकों का विशेष योगदान रहा हैं, ऐसे में अहीर रेजिमेंट का गठन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र यादव ने बताया कि कार्यकारिणी में 26 राज्यों से पदाधिकारी शामिल हुए। राजस्थान यादव महासभा युवा प्रदेश अध्यक्ष मदन यादव ने बताया कि बैठक के पहले दिन संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होने का आह्रान किया।
Comment List