वॉल्ड सिटी में चला विशेष स्वच्छता अभियान, फॉगिंग से मच्छरजनित बीमारियों पर रोकथाम
बाजार क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण
जयपुर। नगर निगम के “स्वच्छ जयपुर–स्वस्थ जयपुर” अभियान के तहत गुरुवार को वॉल्ड सिटी के किशनपोल व हवामहल जोन में विशेष स्वच्छता अभियान का दूसरा चरण चलाया गया। अभियान की शुरुआत सुबह 7 बजे छोटी चौपड़ से हुई। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने टीम के साथ सुबह 7 से 11 बजे तक ई-रिक्शा व पैदल भ्रमण कर संकरी गलियों और बाजार क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त, दोनों जोन के डीसी, डीसी हेल्थ व डीसी विजिलेंस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान विशेष सफाई के साथ फॉगिंग भी कराई गई। आयुक्त ने खुले कचरा डिपो तत्काल साफ कराने, कचरा संग्रहण व परिवहन व्यवस्था सुचारू रखने तथा सीवर व नालों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। मानसून के बाद डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग लगातार जारी रखने को कहा। उन्होंने बताया कि ऐसे अभियान जयपुर के सभी 13 जोन में नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

Comment List