गणेश शोभायात्रा को लेकर जयपुर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था, कई मार्गों पर डायवर्जन
धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर तक नो व्हीकल जोन रहेगा
जयपुर। श्री गणेश जी की शोभायात्रा को लेकर जयपुर यातायात पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। शोभायात्रा शाम 4 बजे मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर से रवाना होगी। इसके चलते परकोटा सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए नो व्हीकल जोन, नो पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शोभायात्रा मोती डूंगरी रोड से सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी बस स्टैंड होते हुए श्री गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी, जहां शोभायात्रा का समापन होगा। इन मार्गों पर रहेगा नो व्हीकल जोन शोभायात्रा के दौरान त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए चौराहा, आरबीआई तिराहा से गणेश मंदिर के बीच तख्तेशाही रोड तथा धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर तक नो व्हीकल जोन रहेगा।
यातायात दबाव के अनुसार अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है। परकोटा में भारी वाहनों पर रोक शोभायात्रा के दौरान परकोटा क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शोभायात्रा पूरी होने तक भारी वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। वहीं, एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार और गणगौरी बाजार में नो पार्किंग व्यवस्था रहेगी। वाहन चालकों से इन मार्गों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार सार्वजनिक परिवहन के वाहनों को भी यातायात दबाव के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

Comment List