जयपुर में राज्य स्तरीय शुभारंभ : हजारों लोगों ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ; सरकार, ब्रह्माकुमारीज और सामाजिक संगठनों ने मिलाया हाथ
नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है
जयपुर। राजस्थान से देश के सबसे बड़े नशामुक्ति जनआंदोलन की शुरुआत करते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से 10 करोड़ लोग नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि नशामुक्त राजस्थान ही नशामुक्त भारत की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रदेश को तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में मिले WHO तंबाकू निषेध अवार्ड-2026 को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजयोगिनी सुषमा दीदी ने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे के साथ-साथ काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे आंतरिक विकारों से भी मुक्ति आवश्यक है। ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग के सचिव बीके बनारसी भाई ने बताया कि संस्था अब तक चार करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचकर नशामुक्ति का संकल्प दिला चुकी है। अभियान के अगले चरण में प्रदेशभर में जन-जागरण, युवा संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Comment List