अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता पर सख्ती, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार होगी कार्रवाई
जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी राजकीय अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों, जिला व उप जिला अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने तथा चूहों और अन्य कीटों की रोकथाम के प्रभावी इंतजाम करने को कहा।
वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष और शौचालयों में नियमित सफाई की मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। अस्पतालों के खिड़की-दरवाजों, नालियों और अन्य प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर चूहों एवं आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने को कहा गया है। मरीजों व परिजनों को खाद्य सामग्री खुली नहीं छोड़ने के लिए जागरूक करने तथा कैंटीन में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अस्पताल अधीक्षक और संस्थान प्रभारी नियमित निरीक्षण कर कमियां तत्काल दूर करवाएंगे। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों व कार्मिकों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

Comment List