जयपुर में सरकारी क्वार्टरों को लेकर सख्ती, IAS हरफूल यादव का आवास आवंटन निरस्त
विभाग के अगले कदम पर निगाहें टिकी
जयपुर। जयपुर में सरकारी आवासों के आवंटन और उन पर अधिकारियों के कब्जे को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने IAS अधिकारी हरफूल यादव को आवंटित राजकीय आवास E-3 का आवंटन निरस्त कर दिया है। विभाग की इस कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, इस कार्रवाई के बीच अधिकारी वर्ग में सवाल भी उठ रहे हैं। चर्चाओं के अनुसार, जयपुर से बाहर तबादला होने के बाद कई अन्य IAS और IPS अधिकारियों को भी सरकारी आवास खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे।
इसके बावजूद उनके आवासों का आवंटन अब तक निरस्त नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरकारी आवास खाली कराने के मामले में कार्रवाई का पैमाना क्या है? क्या सभी अधिकारियों के मामलों में एक समान नियम लागू हो रहे हैं या फिर कार्रवाई चुनिंदा मामलों तक ही सीमित है? सामान्य प्रशासन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब दूसरे अधिकारियों के सरकारी आवासों को लेकर भी विभाग के अगले कदम पर निगाहें टिकी हैं।

Comment List