उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामला : कुन्दन पण्डया का भाई लोकेन्द्र पण्डया गिरफ्तार, बच्चों को लीक पेपर पढ़ाकर दिलवाई थी परीक्षा
गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश
उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुन्दन कुमार पण्डया के भाई लोकेन्द्र पण्डया को गिरफ्तार। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी ने अपने पुत्र और पुत्री को लीक प्रश्नपत्र पढ़ाकर परीक्षा की तैयारी करवाई तथा स्वयं की गाड़ी से जयपुर लाकर परीक्षा दिलवाई थी।
जयपुर। उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुन्दन कुमार पण्डया के भाई लोकेन्द्र पण्डया को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी ने अपने पुत्र और पुत्री को लीक प्रश्नपत्र पढ़ाकर परीक्षा की तैयारी करवाई तथा स्वयं की गाड़ी से जयपुर लाकर परीक्षा दिलवाई थी। जांच में सामने आया कि कुन्दन कुमार पण्डया ने आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा से उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 2021 के सभी प्रश्नपत्रों के प्रश्नोत्तर प्राप्त किए थे। इसके बाद लोकेन्द्र पण्डया ने अपने पुत्र नैतिक पण्डया, पुत्री नेहा पण्डया तथा कुन्दन पण्डया की पुत्री रिद्धि पण्डया को प्रश्नपत्रों के उत्तर पढ़ाकर तैयारी करवाई।
एसओजी के अनुसार, परीक्षा में नैतिक पण्डया को हिन्दी विषय में 200 में से 143.43 अंक तथा सामान्य ज्ञान में 147.20 अंक प्राप्त हुए। वहीं नेहा पण्डया को हिन्दी में 158.89 अंक और सामान्य ज्ञान में 153.46 अंक मिले। दोनों अभ्यर्थी अवैध तरीके से लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए थे। पुलिस ने बताया कि नैतिक पण्डया और नेहा पण्डया को पहले ही 10 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अब 26 मई 2026 को लोकेन्द्र पण्डया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 28 मई 2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमाण्ड पर भेजा गया है।

Comment List