राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी की तपिश : 11 जून से फिर बदलेगा मौसम; जयपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज
जयपुर। राजस्थान में गर्मी एक बार फिर तेवर दिखा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में आगामी दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है।
कुछ स्थानों पर हीटवेव चलने के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, प्रदेशवासियों को जल्द ही गर्मी से राहत मिल सकती है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 11 जून से राजस्थान में मौसम करवट लेगा। 11 से 14 जून के बीच जयपुर, बीकानेर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Comment List