परवन बांध की टेस्टिंग, 16 गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह
सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश
जयपुर। जल संसाधन विभाग ने परवन बांध की टेस्टिंग के तहत जलग्रहण (पानी छोड़े जाने) की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। विभाग ने बांध के भराव और परीक्षण के दौरान डूब क्षेत्र में आने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार, बारां और झालावाड़ जिलों के कुल 16 गांवों के ग्रामीणों को नदी और बांध क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। बारां जिले के अमलावद खुरण, पीपल्याघाटा, मालोनी, सुखनेरी, बिलेड़ी, फतेहपुर, मजरा पटपटी बमोरी, टाकुड़ा और बोरेंडा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
इसी तरह झालावाड़ जिले के सेवनिया, खेड़खेड़ा, भीलखेड़ा, बुखारी, छापीहेड़ा और हथोली गांवों के निवासियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी-नालों, बांध के जलग्रहण क्षेत्र और निचले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया बांध की तकनीकी जांच और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Comment List