ताइक्वांडो के फर्जी प्रमाण पत्र से शिक्षक बनी अभ्यर्थी ने किया सरेंडर, 38 अभ्यर्थियों की दो गुना चयन सूची में आया था नाम
3 सहयोगी और पांच दलाल हो चुके गिरफ्तार
जयपुर। तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2022 में ताइक्वांडो के फर्जी खेल प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के प्रयास के मामले में एसओजी की कार्रवाई जारी है। इस प्रकरण में फरार चल रही अभ्यर्थी सुनीता (34) ने सोमवार को जयपुर महानगर द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है। एसओजी अब उससे फर्जी प्रमाण पत्र हासिल करने और भर्ती प्रक्रिया में इनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। एडीजी एसओजी विशाल बंसल के अनुसार कर्मचारी चयन बोर्ड ने वर्ष 2022 में तृतीय श्रेणी अध्यापक (लेवल-1) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इसमें खेल कोटे के तहत दो प्रतिशत पद निर्धारित थे। ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्र के आधार पर दो गुना चयन सूची में 38 अभ्यर्थियों का नाम आया था। चयन के बाद इन अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग की चयन समिति के समक्ष राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे। एसओजी थाना में दर्ज प्रकरण की जांच में सामने आया कि अभ्यर्थियों ने दलालों के माध्यम से फर्जी और कूटरचित प्रमाण पत्र हासिल किए थे।
इनकी सत्यापन रिपोर्ट भी धनबाद (झारखंड) स्थित ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी से प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर को भेजी गई थी। इससे पहले दो मुख्य आरोपी, 24 अभ्यर्थी, तीन सहयोगी और पांच दलाल गिरफ्तार हो चुके हैं।

Comment List