बीसलपुर बांध परियोजना : डूब क्षेत्र की भूमि होगी अवाप्त, सरकार की प्रक्रिया तेज
क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार
बीसलपुर बांध परियोजना के तहत 315.50 आरएल मीटर तक डूब क्षेत्र की भूमि अधिग्रहित। खेजड़ी गांव सहित अन्य क्षेत्रों की जमीन चिन्हित कर प्रक्रिया शुरू। विशेषज्ञ समिति ने सर्वे कर मुआवजा तय। वहीं, झालावाड़ की किशन नगर परियोजना में भी अधिग्रहण प्रस्तावित, सिंचाई सुविधाएं बढ़ेंगी।
जयपुर। बीसलपुर बांध परियोजना के तहत 315.50 आरएल मीटर तक के डूब क्षेत्र में आने वाली जमीन को अवाप्त किया जाएगा। इसी तरह झालावाड़ जिले के किशन नगर लघु सिंचाई परियोजना क्षेत्र में भी भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रस्तावित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीसलपुर के गांव खेजड़ी में शेष बचे खसरों की जमीन को भी अवाप्त किया जाएगा। डूब क्षेत्र में आ रहे खेजड़ी गांव के दो खसरों की भूमि को चिन्हित कर अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अलावा बांध के बोरो एरिया एवं डूब क्षेत्र में आने वाली अन्य भूमि भी इस प्रक्रिया में शामिल होगी।
भूमि अवाप्ति से पहले बहुशाखीय विशेषज्ञ समिति द्वारा संबंधित क्षेत्रों का सर्वे एवं मूल्यांकन किया जा चुका है। समिति ने जमीन की स्थिति, उपयोगिता और मुआवजे के मानकों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की है। इसके आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।

Comment List