थोक बाजार में क्विंटल के भाव 6500 रुपए तक पहुंचे, खुदरा में 70 रुपए किलो तक बिक रही चीनी
चीनी में मिठास कम, भावों में तेजी बरकरार
जयपुर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की रिकॉर्ड बिक्री के बाद अब चीनी के भाव आम उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। थोक बाजार में चीनी के भाव बढ़कर 6500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, वहीं खुदरा बाजार में इसकी कीमत 70 रुपए प्रति किलो तक वसूली जा रही है। ब्रांडेड चीनी तो 75 से 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। हालांकि, शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने के बावजूद मांग ने अभी जोर नहीं पकड़ा है, लेकिन बाजार में ऊंचे भावों ने मिठास का बजट जरूर बिगाड़ दिया है।
चीनी के थोक भाव सितंबर में करीब 5500 रुपए प्रति क्विंटल थे, जो अक्टूबर में बढ़कर 6200 रुपए तक पहुंच गए। वर्तमान में अलग-अलग किस्मों के अनुसार थोक भाव 5600 से 6500 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं। खुदरा बाजार में भी कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है। जयपुर के परकोटे में चीनी 63 से 65 रुपए प्रति किलो बिक रही है, जबकि शहर के बाहरी इलाकों की दुकानों पर इसके भाव 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
राजस्थान शुगर ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यनारायण चितलांगया के अनुसार, फिलहाल चीनी के भाव कब नीचे आएंगे, यह कहना जल्दबाजी होगी। चीनी का कोटा जारी होने वाला है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए आयात बढ़ाना जरूरी होगा। इसके अलावा गन्ने की फसल भी कम बताई जा रही है, जिसका असर बाजार की आपूर्ति और कीमतों पर पड़ सकता है। दिवाली पर चीनी की रिकॉर्ड बिक्री हुई, लेकिन शादी-ब्याह की मांग ने अभी रफ्तार नहीं पकड़ी है। आने वाले दिनों में आपूर्ति, आयात और मांग की स्थिति से ही बाजार की दिशा तय होगी।

Comment List