प्रवासी राजस्थानी दिवस 10 दिसंबर को: खनन सत्र में टिकाऊ खनन और निवेश की संभावनाओं पर होगा मंथन
देश के खनन परिदृश्य में राजस्थान की स्थिति मजबूत
जयपुर। राजस्थान अपने समृद्ध खनिज संसाधनों को टिकाऊ तौर-तरीकों, नवाचार और निवेश के नए अवसरों से जोड़कर खनन क्षेत्र को नई ऊंचाई देने की तैयारी में है। 10 दिसंबर को सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में होने वाले "प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026" में खनन पर विशेष सत्र होगा। इसकी थीम "क्लोजिंग द लूप: पायनियरिंग सर्कुलर इकोनॉमी एंड सस्टेनेबल माइनिंग फॉर टुमॉरो" रखी गई है। मुख्य कार्यक्रम के छह क्षेत्रीय सत्रों में शामिल यह सत्र खनन को अधिक टिकाऊ बनाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और आर्थिक विकास के नए रास्ते तलाशने के लिए सभी हितधारकों को एक मंच पर लाएगा।
देश के खनन परिदृश्य में राजस्थान की स्थिति मजबूत है। यहां 25 प्रमुख और 31 लघु खनिजों सहित कुल 56 खनिजों का उत्पादन होता है। अब राज्य केवल खनिज निकालने तक सीमित न रहकर जिम्मेदार खनन, संसाधनों के कुशल उपयोग और खनन अपशिष्ट के नए उपयोग पर जोर दे रहा है। सत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने, खनन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, खनिजों के पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग तथा क्रिटिकल मिनरल्स में नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। निवेश आकर्षित करने, उद्योग साझेदारी बढ़ाने और पर्यावरण अनुकूल खनन के साथ खनन क्षेत्रों के पुनरुद्धार व उत्पादक उपयोग पर भी फोकस रहेगा।

Comment List