इस बार तीज माता के पूजन के लिए महिला पंडित भी होंगी, उप मुख्यमंत्री ने तीज उत्सव की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश
महिलाओं की अलग झांकी भी होगी
27 एवं 28 जुलाई को होने वाले दो दिवसीय तीज उत्सव की तैयारी के सम्बन्ध में अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता एवं प्रमुख शासन सचिव पर्यटन राजेश यादव, पर्यटन आयक्त रुकमणि रियाड़, जयपुर नगर निगम हेरिटेज महापौर कुसुम यादव और नगर निगम ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर की उपस्थिति में सचिवालय में हुई बैठक में 27 एवं 28 जुलाई को होने वाले दो दिवसीय तीज उत्सव की तैयारी के सम्बन्ध में अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को उनके निवास पर भेंट कर तीज उत्सव में आने के लिए आमंत्रित किया। दिया कुमारी ने कहा कि तीज उत्सव युवा पीढ़ी के लिए राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति, परम्पराओं से रूबरू होने का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस बार तीज उत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।
महिलाओं की अलग झांकी भी होगी :
दिया कुमारी ने बताया कि इस बार तीज माता के पूजन के लिए महिला पंडित भी होंगी। इसके साथ ही अलग से महिलाओं की झांकी होंगी। छोटी चौपड़ पर 27 जुलाई को बड़ा मंच लगाकर तीज सवारी की आरती और पूजा की जाएगी। पौण्ड्रीक पार्क में दो दिवसीय मेला आयोजित किया जाएगा।

Comment List