राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 4-5 दिन तक मौसम रहेगा सक्रिय
धौलपुर के बाड़ी में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार को श्रीगंगानगर, उदयपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। श्रीगंगानगर में करीब 11 बजे तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे शहर में धूल का गुबार छा गया और कई स्थानों पर रेत के बवंडर जैसे दृश्य देखने को मिले। हालांकि बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र ने राज्य के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की प्रबल संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और वज्रपात भी हो सकता है। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। झुंझुनूं के मलसीसर में 43 मिमी जबकि धौलपुर के बाड़ी में सर्वाधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक मौसम सक्रिय रहने और अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे बने रहने का अनुमान जताया है।

Comment List