किशनगढ़ एयरपोर्ट : ट्रेनिंग विमान का टायर डैमेज, ईंधन कम करने के लिए सवा तीन घंटे से आसमान में चक्कर
विमान में एक इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट मौजूद
जयपुर। किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ट्रेनिंग विमान का टायर डैमेज होने के बाद फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। अव्याना एविएशन एकेडमी के पाइपर आर्चर श्रेणी के ट्रेनी विमान ने आज सुबह करीब 9:15 बजे ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद विमान का टायर क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। विमान में एक इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट मौजूद हैं। टायर डैमेज की सूचना के बाद विमान पिछले सवा तीन घंटे से किशनगढ़ एयरपोर्ट के आसमान में चक्कर लगा रहा है। बताया जा रहा है कि विमान का फ्यूल टैंक पूरी तरह भरा हुआ है। ऐसे में इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान जोखिम कम करने के लिए विमान में कम ईंधन होना जरूरी है। इसी वजह से विमान को फिलहाल आसमान में होल्ड पर रखकर फ्यूल बर्न किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एजेंसियां किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंच गईं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस समेत अन्य जरूरी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विमान की लैंडिंग करीब एक घंटे बाद कराए जाने की तैयारी है।

Comment List