स्मारक में फंसे पर्यटकों ने लोक कलाकारों के साथ जमाई महफिल, विदेशी मेहमान भी भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगे
हवामहल में गूंजे भजन और लोकगीत
जयपुर। गुलाबी नगर में हुई बारिश ने सोमवार को ऐतिहासिक हवामहल स्मारक में एक अनूठा और यादगार नजारा देखने को मिला। तेज बारिश के कारण स्मारक का भ्रमण कर रहे पर्यटकों को कुछ समय के लिए एक ही स्थान पर रुकना पड़ा। शुरुआत में पर्यटक बारिश थमने का इंतजार करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में माहौल पूरी तरह बदल गया। स्मारक में मौजूद लोक कलाकारों ने जैसे ही भजन और राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति शुरू की, पर्यटक भी खुद को रोक नहीं पाए। देखते ही देखते वहां एक छोटी-सी सांस्कृतिक महफिल सज गई। देश-विदेश से आए पर्यटक कलाकारों के साथ ताली बजाकर भजन गाने लगे। कई पर्यटकों ने इस खूबसूरत पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जबकि कुछ ने नृत्य कर कलाकारों का उत्साह भी बढ़ाया।
पर्यटकों ने बताया कि बारिश के कारण वे स्मारक के अन्य हिस्सों में नहीं जा पा रहे थे। ऐसे में समय बिताने के लिए लोक कलाकारों के साथ गीत और भजन गाना शुरू किया, जो देखते ही देखते यादगार अनुभव बन गया। बारिश, संगीत और हवामहल की ऐतिहासिक भव्यता का यह अनूठा संगम पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय बन गया। इस दौरान स्मारक का वातावरण भक्ति, लोक संस्कृति और उत्साह से सराबोर नजर आया, जिसने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक सभी को महसूस कराई।

Comment List