आंगनबाड़ी केंद्रों पर 24 जून से शुरू हुआ ‘खिलौना बैंक’, प्रवेशोत्सव एवं वृक्षारोपण अभियान
आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण भी किया जाएगा
जयपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शाला पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 जून से 1 जुलाई 2026 तक राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत सभी केंद्रों पर ‘खिलौना बैंक’ की स्थापना, प्रवेशोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) के निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि 24 से 30 जून तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं गृह संपर्क अभियान चलाकर समुदाय को खिलौना बैंक की जानकारी देंगी तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए बच्चों का चिन्हीकरण कर अभिभावकों को प्रवेशोत्सव में आमंत्रित करेंगी। अभियान के दौरान उपयोग में नहीं आ रहे सुरक्षित खिलौने एकत्र किए जाएंगे, जिनका उपयोग छोटे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक विकास में किया जाएगा।
प्रत्येक केंद्र पर 10 से 20 खिलौने एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को प्रातः 9 बजे सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर खिलौना बैंक का शुभारंभ किया जाएगा तथा प्रवेशोत्सव के माध्यम से बच्चों का पंजीकरण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, पंचायती राज प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं, अभिभावक एवं बच्चे भाग लेंगे। खिलौना दान करने वालों को विभाग की ओर से धन्यवाद-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के उपरांत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण भी किया जाएगा।

Comment List