CNG सिलेंडरों से भरा ट्रेलर पलटा, गैस रिसाव से गांव में मची दहशत
सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी
जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित निमेड़ा गांव में शनिवार को CNG गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर यूनिपोल से टकराने के बाद पलट गया। हादसे के बाद कई सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, प्रशासन और टोरेंट गैस कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा गैस लीकेज रोकने के प्रयास शुरू किए गए। समाचार: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से चल रहा था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क किनारे लगे यूनिपोल से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद सिलेंडरों से गैस निकलने लगी, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बिंदायका फायर स्टेशन से तीन दमकलें मौके पर पहुंचीं और गैस रिसाव पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। टोरेंट गैस कंपनी के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से एसडीएम डॉ. खुशबू शर्मा तथा बिंदायका सीआई विनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की। गौरतलब है कि बिंदायका क्षेत्र में गैस रिसाव की यह चौथी घटना बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और कंपनी के विशेषज्ञ स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

Comment List