एसीबी की ट्रैप कार्रवाई : रंगे हाथों पकड़े गए अधिकारी की बिगड़ी तबीयत, एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी
15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों डिटेन किया
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन (फील्ड ऑपरेशन डिवीजन) के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी मुकेश माल्या को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों डिटेन किया। आरोपी ने जयपुर की एक रत्न निर्माण फर्म पर पेनल्टी लगाने का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग की थी। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी की ग्रीन माउंटेन जेम्स प्रा. लि. रत्न पन्ना की मैन्युफैक्चरिंग का कार्य करती है।
फर्म का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है। शिकायत के अनुसार 24 सितंबर को आरोपी मुकेश माल्या ने फर्म के विरुद्ध पेनल्टी लगाने की धमकी देकर 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ ने डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व तथा पुलिस निरीक्षक रामजीलाल व टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों डिटेन कर लिया गया।
ट्रैप के दौरान बिगड़ी तबीयत :
एसीबी ने बताया कि ट्रैप के दौरान आरोपी ने स्वयं को किडनी संबंधी बीमारी से उपचाराधीन बताया। इसके बाद उसे तत्काल गणगौरी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। चिकित्सकों के रेफर करने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता आरोपी के भाई सुरेश कुमार माल्या के साथ उसे एसएमएस अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

Comment List