सिलिकोसिस प्रभावितों के उपचार व पुनर्वास को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय न्यूमोकोनियोसिस (सिलिकोसिस) क्रियान्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सिलिकोसिस प्रभावितों के उपचार, पुनर्वास और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक सिलिकोसिस मरीज की मैपिंग कर उसे समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा नियमित स्वास्थ्य परामर्श सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रभावितों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिले और किसी भी पात्र व्यक्ति का प्रकरण लंबित न रहे।
बैठक में लंबित सहायता राशि एवं अन्य भुगतानों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने सिलिकोसिस के अधिक जोखिम वाले खनन उद्योगों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी, धूल नियंत्रण के उपाय तथा स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन कराया जाए, ताकि नए मामलों की रोकथाम की जा सके।

Comment List