त्योहारों पर 129 स्पेशल ट्रेनों के 961 फेरे, 140 अतिरिक्त कोच से सफर आसान
सीसीटीवी और आरपीएफ की निगरानी से भीड़ का बेहतर प्रबंधन
जयपुर। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बावजूद उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर रेल सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बेहतर प्रबंधन, पहले से की गई तैयारियों, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और लगातार मॉनिटरिंग के चलते यात्रियों को ट्रेनों में आवागमन में सहूलियत मिल रही है। रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों और कोच की व्यवस्था करने के साथ ही स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि त्योहारी सीजन में ट्रेनों में चलने वाले अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम से स्टेशनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को भी प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और भीड़ प्रबंधन के लिए तैनात किया गया है।
24 घंटे सक्रिय वॉर रूम
यात्रियों की सुविधा और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए रेलवे मुख्यालय सहित सभी मंडलों में 24 घंटे सातों दिन सक्रिय वॉर रूम स्थापित किए गए हैं। ये वॉर रूम स्टेशनों की स्थिति, यात्री भार और संचालन संबंधी गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
129 स्पेशल ट्रेनों के 961 फेरे
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 129 स्पेशल ट्रेनों के कुल 961 फेरे संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 50 ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के 140 अतिरिक्त कोच लगाए हैं। रेलवे का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराया जा सके।

Comment List