बस में यात्री की जेब से 1.05 लाख रुपये उड़ाने वाला शातिर जेबकतरा गिरफ्तार, पूरी राशि बरामद
अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाश अभियान
जयपुर। पुलिस थाना जामडोली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस में सफर कर रहे एक यात्री की जेब से 1.05 लाख रुपये चोरी करने वाले शातिर जेबकतरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी नगदी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू रैगर (38) निवासी कच्ची बस्ती, जवाहर नगर, जयपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, जुआ, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट सहित 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को परिवादी कानसिंह पुत्र रामजीलाल ने जामडोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने भांजे के इलाज के लिए गांव से 1,05,000 रुपये लेकर बस से जयपुर आ रहा था।
तिलक अस्पताल के सामने यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब काटकर पूरी नकदी चुरा ली। इस पर थाना जामडोली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन और सहायक पुलिस आयुक्त सुरेन्द्र सिंह बांगड़वा के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह कविया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की गई।

Comment List