जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के चुनाव की वोटिंग तेज : आज ही आएगा परिणाम, यूनाइटेड व पिंकसिटी ग्रुप में सीधी टक्कर
रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना
जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों के 15 पदों के लिए गुरुवार को मतदान चल रहा। बीस फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है। कुल 7253 मतदाता नए नेतृत्व का चुनाव करेंगे। मतगणना शाम को शुरू।
जयपुर। जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों के 15 पदों के लिए गुरुवार को मतदान चल रहा है। बीस फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। कुल 7253 मतदाता नए नेतृत्व का चुनाव करेंगे। मतगणना शाम को शुरू होगी। चुनाव में ‘यूनाइटेड ज्वैलर्स ग्रुप’ और ‘पिंकसिटी ज्वैलर्स ग्रुप’ के बीच मुख्य मुकाबला है। यूनाइटेड ग्रुप ने अपने 15 प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि पिंकसिटी ग्रुप भी मजबूती से मैदान में है। कुल 19 उम्मीदवार 15 सीटों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। निर्विरोध चुनाव का सपना टूटने के बाद अब रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। आरआईसी में मतदान केंद्र को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
वॉलेट पार्किंग, पूर्णतः एयर-कंडीशंड हॉल और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं मतदाताओं के लिए उपलब्ध रहेंगी। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू हो जाएगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन राज्य के रत्न एवं आभूषण व्यापार का प्रमुख संगठन है। इस चुनाव का परिणाम आने वाले दो वर्षों (2026-28) के लिए संगठन की दिशा तय करेगा। व्यापारिक मुद्दों, बाजार सुधार और सदस्य हितों को लेकर दोनों गुटों ने जोरदार प्रचार किया है। ज्वैलरी कारोबारियों में चुनाव को लेकर काफी उत्साह है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।

Comment List