Weather Update : आज श्रीगंगानगर में तेज हवा के साथ हुई बारिश, पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
एक बार फिर मौसम में बदलाव
जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 24 अक्टूबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल सकता है। शुक्रवार सुबह श्रीगंगानगर में अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश तथा ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि, नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से पश्चिमी जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

Comment List