Weather Update : राजस्थान में बढ़ा गर्मी का प्रकोप, 19 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
लोगों की परेशानी बढ़ गई
राजस्थान में गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू। मौसम विभाग ने 18-19 मई के लिए 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी। कई जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना। बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर सबसे गर्म। बढ़ती गर्मी से आमजन के साथ पशु-पक्षी भी प्रभावित।
जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह राज्य के पश्चिमी इलाकों के साथ उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने 18 और 19 मई को प्रदेश के 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है। रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फलोदी और चित्तौड़गढ़ में भी तेज गर्मी का असर बना रहा। हनुमानगढ़ में रात का तापमान बढ़ने से लोगों को गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण आमजन के साथ पशु-पक्षियों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।

Comment List