Weather Update : राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून, 23 अगस्त तक उत्तरी-उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बारिश के आसार
शेष अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना
जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर होने लगी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया कमजोर होकर अब लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। हालांकि मानसून ट्रफ लाइन अभी भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में 21 से 23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, पूर्वी राजस्थान में भी मानसून कमजोर रहने के आसार हैं। उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि भरतपुर और जयपुर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 20 से 23 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रदेश के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बारिश का दौर बना रह सकता है, जबकि शेष अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Comment List