Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
येलो अलर्ट जारी किया
जयपुर। शहर में गुरुवार को मौसम बदला हुआ है। शहर में लगातार बादलों की आवाजाही बनी हुई है और मौसम विभाग के अनुसार, शाम तक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, जैसलमेर में हुई बारिश के बाद पहाड़ियों से झरने बहने लगे हैं। बरसाती काक नदी में पानी बढ़ने से चूंधी गणेश मंदिर करीब आधा डूब गया। राजस्थान में सभी जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले बुधवार को उदयपुर, अजमेर, करौली, जयपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर के कुछ इलाकों में भी 2 से 7 इंच तक पानी बरसा, जबकि जयपुर में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। बीसलपुर बांध के लिए भी राहत की खबर है। बांध में पानी पहुंचाने वाली त्रिवेणी नदी इस मानसून सीजन में पहली बार तेज बहाव के साथ बहती नजर आई।
नदी का गेज 3 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। धौलपुर में चंबल नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। एक दिन में नदी का जलस्तर करीब 30 फीट बढ़ गया। लगातार बारिश से कई जिलों में दिन का तापमान करीब 5 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिम हिस्से में सक्रिय लो-प्रेशर सिस्टम के असर से आज पूरे राजस्थान में बारिश के आसार हैं। 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान में मौसम साफ होने की संभावना है।

Comment List