Weather Update : राजस्थान में बारिश का दौर जारी, 12 जिलों में येलो अलर्ट
तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना
जयपुर। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में सोमवार सुबह बारिश का दौर जारी रहा। अलवर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा में बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। अलवर में बच्चों को बारिश के पानी के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ा। धौलपुर के बाड़ी में सोमवार सुबह 8 बजे तक पिछले 12 घंटों में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, करौली के हिंडौनसिटी बाजार में पानी भरने से व्यापारियों को दुकानें बंद करनी पड़ीं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 24 से 26 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है।
उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे पहले भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली में शनिवार देर शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार दोपहर तक चला। अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 75 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि धौलपुर के बसेड़ी में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान गिर गया। 26-27 अगस्त से कमजोर होगा मानसून मौसम विभाग के मुताबिक 26-27 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में आगामी एक सप्ताह अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Comment List