Weather Update : राजस्थान में तेज हुए सूरज के तेवर, जयपुर समेत 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट
भीषण गर्मी का दौर जारी
राजस्थान में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। चूरू, चित्तौड़गढ़ और कोटा में तापमान 42 डिग्री से ऊपर, कई शहरों में 40-41 डिग्री दर्ज। कोटा में सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया। मौसम विभाग ने जयपुर सहित 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी।
जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को चूरू, चित्तौड़गढ़ और कोटा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, जबकि 10 से ज्यादा शहरों में पारा 40 से 41 डिग्री के बीच रहा। कोटा में बढ़ती गर्मी के बीच नगर निगम ने सड़कों का तापमान कम करने के लिए टैंकरों से पानी का छिड़काव करवाया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को जयपुर समेत 6 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ बेल्ट में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में तेज गर्मी और लू का प्रभाव बना रहने की संभावना है।

Comment List