Weather Update : राजस्थान में बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका, 22-23 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम
तापमान में गिरावट दर्ज की
जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सोमवार अलसुबह सवाई माधोपुर जिले में सुबह 3 बजे से 8 बजे तक रुक-रुककर कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई। जिले के खंडार क्षेत्र में खेतों में फसलें लगभग पककर तैयार हैं। ऐसे में बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले रविवार को जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, बारां और अजमेर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। जयपुर और अजमेर में ओले भी गिरे। रविवार को दिनभर बादलों के कारण धूप कमजोर रही और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते दिन और रात दोनों समय हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। बारिश और बादलों के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। रविवार को राजस्थान के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेश में अगले तीन-चार दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, 22 और 23 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

Comment List