Weather Update : राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 14 से 16 अक्टूबर तक बारिश-तेज हवाओं का अलर्ट
जयपुर के ग्रामीण इलाकों में ओले गिरने की आशंका
जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी भागों में 14 से 16 अक्टूबर तक मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, फलोदी और आसपास के जिलों में 14 व 15 अक्टूबर को मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं, पूर्वी राजस्थान के जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 अक्टूबर के दौरान मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में 15 अक्टूबर को कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से और पूर्वी राजस्थान में 17 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए खुले में रखी फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

Comment List