Weather Update : पश्चिमी राजस्थान में 14-15 नवंबर को बदलेगा मौसम, 16 से गिरेगा तापमान
कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी प्रबल संभावना
जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 14-15 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाने के साथ मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी प्रबल संभावना है।
15 नवंबर को बीकानेर संभाग के अलावा अजमेर, जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 16 नवंबर से अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की प्रबल संभावना है। ऐसे में बारिश के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है।

Comment List