जयपुर में कब और कहां होगा गुरु-नमन समारोह? कथक प्रस्तुतियों से लेकर कार्यशाला तक जानें खास बातें
कला कौस्तुभ और नृत्यमणि सम्मान होंगे प्रदान
जयपुर। गीतांजलि म्यूजिक सोसाइटी की ओर से दो दिवसीय गुरु-नमन समारोह 23 और 24 अक्टूबर को होगा। पहले दिन 23 अक्टूबर को शाम 6 बजे जवाहर कला केंद्र के रंगायन में शिष्य-शिष्याएं कथक की प्रस्तुतियां देंगे। इसी दौरान कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। कला कौस्तुभ सम्मान जयपुर घराने की कथक गुरु उर्मिला नागर, पद्मश्री सारंगी वादक उस्ताद मोइनुद्दीन खान और तबला वादक उस्ताद जफर मोहम्मद को दिया जाएगा।
नृत्यमणि सम्मान डॉ. सीमा गोयल, निभा नारंग, डॉ. गीतांजलि सिंह और जयप्रकाश सिसोदिया को मिलेगा। दूसरे दिन 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आदिनाथ नगर स्थित माह स्पेस में कथक कार्यशाला होगी। इसमें गुरु उर्मिला नागर विद्यार्थियों को कथक की बारीकियां सिखाएंगी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगी। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन कला प्रेमियों के लिए गुरु से सीधे सीखने का अवसर होगा।

Comment List