पहली बार गर्मियों में शुरू हुई हवाई सेवा, ढोल-नगाड़ों से यात्रियों का स्वागत
सीजनल नहीं बल्कि ऑल वेदर डेस्टिनेशन बनाने के प्रयास
विश्वप्रसिद्ध गोल्डन सिटी जैसलमेर ने रविवार को विमानन और पर्यटन के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित। दशकों से चले आ रहे मिथक को तोड़ते हुए कि जैसलमेर में हवाई सेवा केवल सर्दियों तक सीमित है, पहली बार समर शेड्यूल के तहत हवाई सेवा का विधिवत आगाज।
जैसलमेर। विश्वप्रसिद्ध गोल्डन सिटी जैसलमेर ने रविवार को विमानन और पर्यटन के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। दशकों से चले आ रहे मिथक को तोड़ते हुए कि जैसलमेर में हवाई सेवा केवल सर्दियों तक सीमित है, पहली बार समर शेड्यूल के तहत हवाई सेवा का विधिवत आगाज हुआ। अलायंस एयर विमान के रनवे पर उतरते ही जैसलमेर एयरपोर्ट तालियों और ढोल-नगाड़ों की थाप से गूंज उठा। रविवार को जब अलायंस एयर का 72-सीटर विमान जयपुर से उड़ान भरकर जैसलमेर पहुंचा, तो यात्रियों का स्वागत किसी उत्सव की तरह किया गया। हवाई अड्डे पर स्थानीय कलाकारों ने लोक गीतों और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया।
इस ऐतिहासिक पहली फ्लाइट में जैसलमेर की कलक्टर अनुपमा जोरवाल, एसपी अभिषेक शिवहरे, पूर्व राजपरिवार की राजमाता राजेश्वरी राज्य लक्ष्मी व प्रमुख व्यवसायी मयंक भाटिया सहित 12 लोग सवार थे। वहीं, वापसी की उड़ान में जैसलमेर से 4 यात्रियों ने जयपुर के लिए प्रस्थान किया। जहां एक ओर हवाई सेवा ने नई उम्मीदें जगाई हैं, वहीं पूर्व राजमाता राजेश्वरी राज्य लक्ष्मी ने जैसलमेर के लिए वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई है। उन्होंने कहा, सीमावर्ती जिला होने के नाते सेना और वायुसेना के परिवारों के साथ-साथ व्यापारियों के लिए भी सुगम रेल और हवाई मार्ग पूरे साल उपलब्ध रहना चाहिए।
जयपुर से जैसलमेर का सफर मात्र 1 घंटा 45 मिनट
जैसलमेर और राजधानी जयपुर के बीच की भौगोलिक दूरी अब सिमट गई है। सड़क या ट्रेन के माध्यम से इस सफर में 10 से 12 घंटे का समय लगता था। अब हवाई सेवा शुरू होने से यह दूरी मात्र 1 घंटा 45 मिनट में तय होगी। फिलहाल यह उड़ान हर रविवार और गुरुवार को संचालित की जाएगी।
अब बना ऑल वेदर डेस्टिनेशन :कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने अपनी दूरगामी योजना साझा करते हुए कहा, प्रशासन जैसलमेर को केवल सीजनल नहीं बल्कि ऑल वेदर डेस्टिनेशन बनाना चाहता है। गर्मियों में पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रशासन नाइट टूरिज्म से ऐतिहासिक स्मारकों पर विशेष लाइटिंग की व्यवस्था कर रहा है, पर्यटकों के लिए न्यू एक्टिविटीज में ड्यून्स वॉक, स्टार गेजिंग (तारों को देखना) और एडवेंचर स्पोर्ट्स शामिल किए जाएंगे व स्थानीय उत्सवों और कार्यक्रमों का एक विशेष वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जा रहा है।

Comment List