डिग्गी बनी काल, तीन बहनों समेत ममेरे भाई की डूबने से मौत
ननिहाल में छुट्टियां बिताने आई थीं बहनें
जैसलमेर। ननिहाल में छुट्टियां बिताने आई तीन बहनों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब खेत में बनी पानी की गहरी डिग्गी में डूबने से उनकी और ममेरे भाई की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर रूपसी गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, एक बच्ची का पैर फिसलने से वह डिग्गी में गिर गई। उसे बचाने के लिए एक-एक कर तीनों बच्चे भी पानी में उतर गए, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने से चारों डूब गए। मौके पर चारों बच्चों के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था। बच्चों को डिग्गी में डूबते देख उसने दौड़कर पास के खेत में काम कर रहे लोगों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के प्रयास शुरू किए।
जेसीबी से डिग्गी तोड़कर निकाले शव :
डिग्गी गहरी होने से बच्चों को बाहर निकालने में भारी परेशानी हुई। इसके बाद जेसीबी बुलवाई गई। उसकी मदद से डिग्गी को तोड़कर पानी खाली किया गया। मशक्कत के बाद चारों बच्चों को बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
तीन बहनें सिपला से आई थीं ननिहाल :
हादसे में रूपसी निवासी अम्रतराम भील के पुत्र दिलीप (18) की मौत हो गई। वहीं सिपला निवासी नारायणराम भील की तीन बेटियां मोरू (16), धीया (14) और माया (12) भी काल का ग्रास बन गईं। तीनों बहनें छुट्टियां बिताने अपने ननिहाल रूपसी आई हुई थीं।

Comment List