जैसलमेर के पर्यटकों की कार अलकनंदा में गिरी, एम्स डॉक्टर समेत 3 की मौत
4 लोग अभी भी नदी के तेज बहाव में लापता
जैसलमेर। उत्तराखंड के टिहरी में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जैसलमेर से चारधाम यात्रा पर गए पर्यटकों की एक तेज रफ्तार इनोवा कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई को चीरते हुए अलकनंदा नदी में जा गिरी। हादसे में दिल्ली एम्स के एक डॉक्टर और उनकी मां समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग अभी भी नदी के तेज बहाव में लापता हैं। कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें से एक बच्चे को गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स में रेफर किया गया है।
मुश्किल हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसा देवप्रयाग के साकनीधार स्थित गंगा दर्शन होटल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिद्वार की ओर जा रही इनोवा कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे अलकनंदा नदी में समा गई। कार के पानी में पूरी तरह डूब जाने और खाई के बिल्कुल सीधे होने से रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Comment List