सरकारी टीचर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज : घर में घुस कर लड़की से छेड़छाड़
लड़की के चिल्लाने पर परिजन आए
लड़की चिल्लाई तो उसके भाई ने शिक्षक को पकड़ा, पर वह हाथ छुड़ाकर भाग गया।
जालोर। बागरा थाने में एक सरकारी टीचर के खिलाफ पड़ोसी लड़की ने रेप का मामला दर्ज करवाया है। मामला बुधवार रात्रि का है जब टीचर पड़ोसी लड़की के घर में घुसा और लड़की से छेड़छाड़ करने लगा। लड़की के चिल्लाने पर परिजन आए, तब तक टीचर वहां से फरार हो गया। बाद में लड़की के परिजनों ने थाने में पहुंच टीचर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। संबधित थाना के इंचार्ज ने बताया, लड़की की उम्र 18 साल 2 महीना है। 28 मई को उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह पीहर आई हुई थी। बुधवार रात घर में लड़की और उसकी बीमार मां थी। दो भाई बाहर गए हुए थे। इस दौरान रात 9.15 बजे पड़ोस में रहने वाला टीचर (41) उनके घर में घुस गया और सीधा लड़की के कमरे में चला गया। वहां उसने लड़की पर संबंध बनाने का दबाव डाला और जबरदस्ती करने लगा।
लड़की चिल्लाई तो उसके भाई ने शिक्षक को पकड़ा, पर वह हाथ छुड़ाकर भाग गया। इसके बाद लड़की ने आरोपी टीचर की करतूत के बारे में बताया। परिवार के साथ रात में ही लड़की थाने पहुंची और रेप का मामला दर्ज करवाया। 4 महीने पहले लड़की नाबालिग थी। ऐसे में पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। थाना इंचार्ज ने बताया, आरोपी टीचर थाना इलाके के ही एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12 वीं कक्षा में इंग्लिश पढ़ाता है। उसके पत्नी और दो बच्चे हैं। लड़की ने रिपोर्ट में बताया, कि 4 महीने पहले टीचर की पत्नी बच्चों को लेकर पीहर गई हुई थी। इस दौरान उसने लड़की को घर पर खाना बनाने के लिए बुलाया था। लड़की खाना बनाने गई तो वहां उसने उसके साथ रेप किया। इस दौरान अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी टीचर ब्लैकमेल कर उसे बुलाता और रेप करता था। चार महीने तक वह डरा-धमकाकर और सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो शेयर करने की धमकी देकर रेप करता रहा।
लड़की की शादी के बाद भी रेप की कोशिश -
जानकारी अनुसार 28 मई को लड़की की शादी भी हो गई। इसके बावजूद टीचर की नीयत नहीं बदली। ससुराल से लड़की पीहर आई तो फिर टीचर उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा। लड़की के परिवार के लोग थाने पहुंचे और नाबालिग से रेप, अश्लील वीडियो बनाने, ब्लैकमेल कर लगातार रेप करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार फिलहाल आरोपी फरार है। आरोपी टीचर की तलाश की जा रही है।सरकारी टीचर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज

Comment List