सीएचसी हतूण्डी में रक्तदान शिविर, 73 यूनिट रक्त संग्रहित; गर्भवती महिलाओं और मरीजों को मिलेगा लाभ
मरीजों के लिए समय पर पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित
हतूण्डी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हतूण्डी में चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 73 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र सारण के नेतृत्व में आयोजित शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए अस्पताल में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेन्द्र चारण ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकारी अस्पतालों में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने का उद्देश्य पर्याप्त रक्त भंडार तैयार करना है, ताकि प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर बिना रिप्लेसमेंट रक्त उपलब्ध कराया जा सके। इससे मातृ मृत्यु दर को कम करने में भी मदद मिलेगी।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र सारण ने बताया कि चिकित्सा विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक ब्लॉक के सरकारी अस्पतालों में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बावड़ी ब्लॉक का रक्तदान शिविर सीएचसी हतूण्डी में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए भी पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रक्तदाताओं का जताया आभार
बीसीएमओ डॉ. परमेश्वर ने रक्तदाताओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से किसी अनजान जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। डीपीसी ब्लड सेल अर्जुन काग ने कहा कि इस तरह के शिविरों से सरकारी अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ ही लोगों में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
शिविर में जनप्रतिनिधि आकाशदीप सियोल, धनारी कल्ला मंडल अध्यक्ष प्रकाश सोनी, थोब मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, विधायक ओसियां के निजी सचिव मोहनराम, सरपंच जसवंत सिंह सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Comment List