असर खबर का : गिरधरपुरा में चिकित्सा विभाग ने संभाला मोर्चा, गांव में लगाया मेडिकल कैंप
जलदाय विभाग ने दो दर्जन कनेक्शन नालियों से हटाए
कोटा। गिरधरपुरा में पीलिया के बढ़ते प्रकोप और सरकारी व्यवस्थाओं से निराश होकर घरों के कमरों को अस्थायी वार्ड बनाकर इलाज कराने को मजबूर ग्रामीणों की पीड़ा आखिरकार प्रशासन तक पहुंच गई। दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होने के बाद चिकित्सा,जलदाय और नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए। बुधवार को चिकित्सा विभाग ने गांव में ही मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों का उपचार शुरू किया। वहीं, पेयजल स्रोतों के शुद्धिकरण, पाइपलाइन की लीकेज जांच और नालियों की सफाई का काम भी शुरू कराया गया। स्वास्थ्य विभाग, कोटा जोन के संयुक्त निदेशक डॉ. जगदीश कुमार सोनी ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. विनोद प्रभाकर, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता घनश्याम कलवार और कनिष्ठ अभियंता गणेश राठौर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया और मौके पर चिकित्सा शिविर लगवाने के साथ पेयजल स्रोतों के शुद्धिकरण की कार्रवाई शुरू करवाई।
खबर के बाद जागा महकमा
गिरधरपुरा में पीलिया फैलने के बावजूद ग्रामीणों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने और घरों में ही इलाज कराने की मजबूरी को दैनिक नवज्योति ने 24 नवंबर के अंक में 'सिस्टम से हारे तो घर पर ही करा रहे इलाज...' शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जलदाय विभाग और नगर निगम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
कैंप में उपचार, तीन कुओं का शुद्धिकरण
प्रभावित क्षेत्र में लगाए गए चिकित्सा शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिमन्यु शर्मा ने मरीजों की जांच कर उपचार किया और निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। ग्रामीणों को बीमारी से बचाव और रोकथाम की जानकारी भी दी गई। संयुक्त निदेशक डॉ. सोनी ने सर्वे गतिविधियों और शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों के पेयजल उपयोग में आने वाले तीन कुओं में ब्लीचिंग पाउडर डलवाया गया। घर-घर जाकर पानी के स्रोतों की जानकारी भी ली गई।
19 में से 15 ब्लड सैंपल हेपेटाइटिस-ए पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग की 14 टीमों ने बुधवार को 474 घरों का सघन सर्वे किया। अब तक प्रभावित क्षेत्र के 1,999 घरों का रिपीट सर्वे किया जा चुका है। टीमों ने पानी के तीन और ब्लड के दो नए नमूने लिए हैं। सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के अनुसार, अब तक लिए गए 27 पानी के नमूनों में 15 संतोषजनक और दो असंतोषजनक मिले हैं, जबकि 10 की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं, 19 ब्लड सैंपलों में से 15 में वायरल हेपेटाइटिस-ए की पुष्टि हुई है। क्षेत्र में क्लोरोस्कोप से अवशिष्ट क्लोरीन की जांच भी की जा रही है।
पीलिया से पीड़ित एक और बालक जेके लोन में भर्ती
गांव में संक्रमण के नए मामले सामने आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को यश (15) पुत्र रामप्रसाद को पीलिया के उपचार के लिए जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों में बच्चों के लगातार बीमार होने को लेकर चिंता बनी हुई है।
दो दर्जन पेयजल कनेक्शन नालियों से हटाए
पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज और नालियों के बीच से गुजर रहे कनेक्शनों की शिकायत के बाद जलदाय विभाग ने सुधार कार्य तेज कर दिया है। एईएन घनश्याम कलवार ने बताया कि अब तक दो दर्जन से अधिक पेयजल कनेक्शन नालियों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किए जा चुके हैं। शेष कनेक्शनों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। टीमें घर-घर जाकर पाइपलाइन और कनेक्शनों में लीकेज की जांच कर रही हैं।
निगम ने लगाईं सफाई टीमें
नगर निगम ने गांव में जाम नालियों की सफाई के लिए विशेष टीमें लगाई हैं। स्वास्थ्य अधिकारी मोतीलाल चौधरी ने बताया कि जमादार को निर्देश देकर अतिरिक्त सफाईकर्मी भेजे गए हैं।
हमने भुगत लिया, अब दूसरों को मिले राहत
अस्पताल में उपचार करा रहे दीनदयाल ने बताया कि उनका परिवार इस बीमारी का दंश झेल चुका है। वे अब तक 20 दिन अस्पताल में बिता चुके हैं। उनका कहना है कि यदि गांव में पहले ही मेडिकल कैंप लगा दिया जाता तो इतनी परेशानी नहीं होती। अब कैंप शुरू होने से दूसरे मरीजों को राहत मिल सकेगी।

Comment List