असर खबर का : दैनिक नवज्योति की खबर से रेलवे में मचा हड़कंप, 1513 कर्मचारी ले रहे थे खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ
खबर के बाद हरकत में आया रेलवे प्रशासन, पूरे कोटा मंडल के कर्मचारियों के रिकॉर्ड खंगाले
कोटा। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ रेलवे के सरकारी कर्मचारियों द्वारा उठाए जाने का मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। दैनिक नवज्योति की खबर का बड़ा असर देखने को मिला। अखबार ने सबसे पहले 14 नवंबर के अंक में 'सरकारी नौकरी भी, राशन का लाभ भी! अब रेलवे कर्मचारियों के रिकॉर्ड खंगालेगा विभाग, अपात्र मिले तो थमाएगा नोटिस' शीर्षक से इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और जांच में तेजी लाते हुए पूरे कोटा मंडल के कर्मचारियों के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए।
रेलवे की ओर से की गई जांच में मंडल के 1513 कर्मचारी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ लेते हुए सामने आए हैं। इनमें इंजीनियर, यात्री और मालगाड़ी प्रबंधक, लोको पायलट, आरपीएफ के उप निरीक्षक और तकनीकी कर्मचारी तक शामिल बताए जा रहे हैं। इस खुलासे ने रेलवे प्रशासन के साथ संबंधित विभागों में भी हलचल पैदा कर दी है। दैनिक नवज्योति ने इस मामले को उजागर कर न केवल रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की पात्रता की जांच का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। खबर के प्रकाशन के बाद रेलवे द्वारा पूरे मंडल के रिकॉर्ड खंगालना इस बात का संकेत है कि मामला अब जांच के दायरे में आ चुका है।

Comment List