3 साल में 1.36 लाख वाहन बढ़े : सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बेकाबू, ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर पीछे छूटा

नए बाइपास, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग का विस्तार नहीं, पीक आवर्स में जाम से शहरवासी परेशान।

3 साल में 1.36 लाख वाहन बढ़े : सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बेकाबू,  ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर पीछे छूटा
रॉकेट स्पीड से बढ़ी वाहनों की संख्या, सड़कें और चौराहे क्षमता से ज्यादा बोझ ढोने को मजबूर।

कोटा। शहर में वाहनों की संख्या जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उस अनुपात में सड़क और ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार नहीं हो पाया। आबादी और शहर का दायरा बढ़ा, लेकिन सड़कों की चौड़ाई, ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, बाइपास, स्लिप लेन और पार्किंग जैसी सुविधाएं पीछे छूट गईं। नतीजा यह है कि सड़कें अपनी क्षमता से अधिक यातायात का बोझ ढो रही हैं। प्रमुख चौराहों पर वाहनों की कतारें, पीक आवर्स में जाम, दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ता प्रदूषण शहर की बड़ी समस्या बन गए हैं। नयापुरा से सीएडी सर्किल, सब्जीमंडी से गुमानपुरा और विज्ञान नगर से घोड़ा चौराहे तक शाम के समय पहुंचना चुनौती बन जाता है। पैदल राहगीरों के लिए भी सुरक्षित रास्ते नहीं हैं।

हर साल 45 से 50 हजार नए वाहन
आरटीओ के आंकड़ों के अनुसार, जिले में प्रतिवर्ष करीब 45 से 50 हजार छोटे-बड़े वाहनों का पंजीयन हो रहा है। वर्ष 2024-25 में 46,072 घरेलू और 3,809 व्यावसायिक, कुल 49,881 वाहन पंजीकृत हुए। वर्ष 2025-26 में 42,851 घरेलू और 2,657 व्यावसायिक, कुल 45,508 वाहन जुड़े। वर्ष 2026-27 में नवंबर तक ही 41 हजार से अधिक वाहनों का पंजीयन हो चुका है। इस तरह पिछले तीन वर्षों में 1 लाख 36 हजार 389 से अधिक वाहन बढ़े। जिले की आबादी करीब 17 लाख और वाहनों की संख्या छह लाख से अधिक है। अकेले शहर में करीब 1.5 लाख वाहनों का दबाव है, जबकि सड़क नेटवर्क और चौराहों की क्षमता में अपेक्षित विस्तार नहीं हुआ।

नए रास्तों और बाइपास का अभाव
संजय नगर निवासी राकेश नामा, श्याम सुंदर और फुरकान अंसारी के अनुसार, एयरोड्रम, सीएडी, डीसीएम रोड, स्टेशन रोड, विज्ञान नगर, सब्जीमंडी, गुमानपुरा, नयापुरा, तलवंडी, केशवपुरा, जवाहर नगर और दादाबाड़ी प्रमुख व्यस्त मार्ग हैं। स्टेशन से एयरोड्रम होते हुए झालावाड़ रोड जाने के सीमित विकल्प हैं। वैकल्पिक सड़कों की कमी से स्थानीय और बाहरी यातायात इन्हीं मार्गों पर केंद्रित रहता है। भारी वाहनों से समस्या बढ़ जाती है।

चौराहे सिमटे, कटों पर दुर्घटना का खतरा
बोरखेड़ा निवासी दीपक नामदेव और अजय कुशवाह के अनुसार, अंडरब्रिज और ग्रेड सेपरेटर बनने के बावजूद कई जगह चौराहों का स्वरूप सीमित हो गया। वाहनों के मुड़ने और निकलने की जगह कम होने से पीक आवर्स में कतारें लगती हैं।एयरोड्रम सर्किल इसका उदाहरण है। नया कोटा, सीएडी सर्किल, एयरोड्रम अंडरब्रिज, डीसीएम क्षेत्र और फल-सब्जी थोक मंडी का यातायात झालावाड़ रोड पर निर्भर है। विज्ञान नगर, सीटी मॉल, गोबरिया बावड़ी और अनंतपुरा की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। तीन दिशाओं का दबाव और भारी वाहनों की आवाजाही जाम का खतरा बढ़ाती है।

Read More वन विभाग ने चार बार बदली डेटलाइन, अब दिसम्बर के शिकंजे में फंसी मुकुंदरा की नई सफारी

विज्ञान नगर निवासी एडवोकेट अमजद खान के अनुसार, एयरोड्रम से विज्ञान नगर मार्ग पर करीब छह कट हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त गति नियंत्रक इंतजाम नहीं हैं। सीएडी, नयापुरा, डीसीएम, स्टेशन और सब्जीमंडी की ओर से आने वाले वाहनों के कारण यहां स्पीड ब्रेकर और सुरक्षित क्रॉसिंग की जरूरत है।

Read More नए ड्राइवरों का टेस्ट ले रहा बदहाल ट्रैक, गड्ढों में अटका लाइसेंस का रास्ता; 75 लाख की मरम्मत को जयपुर से मंजूरी का इंतजार

शाम को जाम, पैदल चलना भी मुश्किल
नयापुरा से सीएडी सर्किल तक कोटड़ी चौराहा, गुमानपुरा, छावनी, शॉपिंग सेंटर, मल्टीपरपज की स्लिप लेन और घोड़ा चौराहा प्रमुख रास्ते हैं। शाम छह बजे बाद यहां यातायात का दबाव बढ़ जाता है। घोड़ा चौराहे पर यातायात संभालना पुलिस के लिए भी चुनौती बनता है। प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ और सुरक्षित क्रॉसिंग के अभाव में बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भीड़ के बीच से सड़क पार करनी पड़ती है।

Read More मैं कोटा बैराज... 66 साल का हुआ, अब मरम्मत की दरकार

वैकल्पिक मार्ग और दीर्घकालीन योजना जरूरी
सिविल इंजीनियरिंग और टाउन प्लानिंग विशेषज्ञों के अनुसार, केवल मौजूदा सड़कों पर यातायात प्रबंधन से स्थायी समाधान संभव नहीं है। नए वैकल्पिक मार्ग, बाइपास, अंडरब्रिज, स्लिप लेन और वैज्ञानिक तरीके से चौराहों का विकास जरूरी है। भविष्य की आबादी और वाहन संख्या को ध्यान में रखकर दीर्घकालीन ट्रैफिक प्लान बनाना होगा।

जाम की समस्या से निपटने के लिए केडीए में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड बनाया गया है। सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट के माध्यम से जंक्शन इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम चल रहा है। सीआरआरआई ने पीक आवर्स में जाम वाले स्थानों का सर्वे किया है। इन स्थानों पर जंक्शन विकसित कर यातायात सुगम बनाने का काम किया जा रहा है। बजट घोषणा के तहत रायपुरा में ओवरब्रिज भी बनाया जा रहा है।
- मुकेश चौधरी, सचिव, केडीए

जिले में हर साल वाहनों की संख्या बढ़ रही है। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए जयपुर-जोधपुर सहित अन्य महानगरों की तर्ज पर पहली बार केडीए आयुक्त की अध्यक्षता में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड बनाया गया है।
-मनीष शर्मा, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी

ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड के समन्वय से काम किया जा रहा है। व्यस्त मार्गों पर पुलिस जाब्ता तैनात है और यातायात को व्यवस्थित तरीके से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुधार की दिशा में लगातार काम जारी है।
-सत्यवीर दायमा, पुलिस उपाधीक्षक, ट्रैफिक पुलिस

Post Comment

Comment List

Latest News

निकाय में जीत का जश्न भी नहीं भूली भाजपा, पंचायतों में हार ने उड़ाए होश! निकाय में जीत का जश्न भी नहीं भूली भाजपा, पंचायतों में हार ने उड़ाए होश!
चुनावों में जीत के बाद पंचायत चुनावों में मिली करारी शिकस्त ने भाजपा को चौंका दिया है। ग्रामीण इलाकों में...
कांग्रेस के 14 पंचायत समितियों में बोर्ड : युवा चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी, आरएलपी ने 14 फीसदी वोट लेकर मुकाबले को बनाया दिलचस्प
घग्गर नदी में जहर घोल रहा सिस्टम : हरियाणा में 44 सीवरेज प्लांट फेल, सैलजा ने सरकार से मांगा जवाब
नक्सलियों के इलाके में छिपा था इनामी तस्कर, राजस्थान पुलिस ने दबोचा
कार्यक्रम ‘गुलदस्ता : ए सिम्फनी ऑफ मूड्स’ 28 नवंबर को, 17 गायिकाएं बिखेरेंगी सुरों के रंग
खनिज ब्लॉकों की नीलामी में राजस्थान देश में अव्वल, औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी नई गति
ईरान की अमेरिका को दो टूक : 7 शर्तें मानो, होर्मुज 2 घंटे में खोल देंगे