वन विभाग ने चार बार बदली डेटलाइन, अब दिसम्बर के शिकंजे में फंसी मुकुंदरा की नई सफारी
बोराबास रेंज में सफारी का काम पूरा, फिर भी जंगल के दरवाजे बंद
कोटा। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के शहर से सटे बोराबास जंगल में सफारी का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। जबकि, 80 लाख की लागत से सफारी से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे हो चुके हैं। वाहनों के भी रजिस्ट्रेशन भी हो गए। इसके बावजूद जंगल के दरवाजे अब भी पर्यटकों के लिए बंद हैं। वन विभाग चार बार इसकी शुरूआत की तारीख बदल चुका है। मार्च से शुरू हुआ इंतजार जुलाई, अगस्त और अक्टूबर की डेडलाइन पार कर अब दिसंबर तक पहुंच गया। खास बात यह है कि अब सफारी शुरू करने की तारीख निर्माण कार्य या अन्य तकनीकी अड़चनों के बजाय राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने के आयोजन से जुड़ गई है। विभाग दिसंबर में सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर शहरवासियों को सफारी की सौगात देने की तैयारी में है।
शहर के पास जंगल, फिर भी 96 किमी का चक्कर
मुकुंदरा में फिलहाल दरा अभयारण्य क्षेत्र में ही जंगल सफारी संचालित हो रही है। इसके लिए पर्यटकों को कोटा शहर से करीब 48 किमी दूर कनवास रोड तक जाना पड़ता है। आने-जाने में करीब 96 किमी का सफर तय करना पड़ता है। वहीं, रावतभाटा रोड से सटा बोराबास जंगल शहर के बेहद नजदीक है। यहां सफारी शुरू होने से शहरवासियों को चंबल नदी, गहरी घाटियों, पहाड़ियों और ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखने का मौका भी मिलेगा।
डेटलाइन बदलती रहीं, इंतजार बढ़ता रहा
बोराबास में सफारी शुरू करने की कवायद मार्च में ही शुरू हो गई थी। निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण शुरूआत की तारीख जुलाई तय की गई, लेकिन जुलाई में भी सफारी शुरू नहीं हो सकी। इसके बाद अगस्त की डेडलाइन निर्धारित की गई। यह तारीख भी निकल गई तो विभाग ने बारिश का हवाला देते हुए अक्टूबर में शुरूआत करने की बात कही। लेकिन यह तिथि भी गुजर गई फिर भी सफारी पर्यटकों के लिए नहीं खुली। अब दिसंबर में शुरूआत की नई तारीख तय की गई है।
दौलतगंज से एंट्री, चंबल किनारे से गुजरेगी सफारी
सफारी के लिए रावतभाटा रोड स्थित डायवर्जन चैनल के पास दौलतगंज चौकी से पर्यटकों की एंट्री और एग्जिट प्रस्तावित है। यहां से सफारी चंबल नदी के किनारे होते हुए कोट्या भील महल, अकेलगढ़ का पुराना किला, चंबल व्यू प्वाइंट, गरड़िया व्यू प्वाइंट और न्यू गरड़िया प्वाइंट तक जाएगी। इसके बाद पर्यटक इसी रास्ते से वापस दौलतगंज पहुंचेंगे।
25 फीट ऊंचा एंट्री गेट तीन महीने से बंद
दौलतगंज चौकी पर पर्यटकों की आवाजाही के लिए करीब 12 लाख रुपए की लागत से 25 फीट ऊंचा एंट्री गेट बनाया गया है। इसका निर्माण जून में शुरू हुआ और जुलाई में पूरा हो गया था। लेकिन निर्माण पूरा होने के करीब तीन महीने बाद भी यह गेट पर्यटकों के लिए बंद है।
16 किमी के सफर में जंगल से इतिहास तक
16 किलोमीटर लंबे सफारी रूट में कोट्या भील फोर्ट, न्यू चंबल प्वाइंट, न्यू गरड़िया प्वाइंट, भंवरकुंज, अकेलगढ़ फोर्ट, चंबल किनारे दो मंजिला वॉच टावर और सेल्फी प्वाइंट प्रमुख आकर्षण होंगे।
यहां पैंथर व भालू की संख्या अधिक
नेचर प्रमोटर एएच जैदी ने बताया कि बोराबास के जंगल में टाइगर को छोड़कर सभी वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। यहां लैपर्ड व भालूओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी है। इसके अलावा भेडिए, हायना, लोमड़ी, सियार, हिरण, नीलगाय, जंगली बिल्ली सहित कई एनिमल शामिल हैं। वहीं, देसी-विदेशी परिंदों की कॉलोनी आबाद है। विभाग को जल्द ही पर्यटकों के लिए सफारी खोलनी चाहिए।
दिसंबर में मिलेगी सफारी की सौगात
बोराबास जंगल में सफारी शुरू करने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केडीए से करीब 70 से 80 लाख रुपए का बजट मिला था। इससे सफारी रूट, वॉच टावर, एंट्री गेट, सुविधा घर, सुरक्षा रेलिंग और दीवारों पर वन्यजीवों की पेंटिंग सहित सभी जरूरी काम पूरे करवा दिए गए हैं। सफारी वाहनों के रजिस्ट्रेशन भी हो चुके हैं। अब दिसंबर में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शहरवासियों को बोराबास सफारी की सौगात दी जाएगी।
-मूथु एस, उप वन संरक्षक, मुकुंदरा टाइगर रिजर्व

Comment List