असर खबर का : सिमलिया सीएचसी में रात को डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई, खबर के बाद चिकित्सा विभाग ने बदली व्यवस्था

तीन चिकित्सकों को शाम 6 से सुबह 9 बजे तक रात्रिकालीन सेवाओं की जिम्मेदारी

असर खबर का : सिमलिया सीएचसी में रात को डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई, खबर के बाद चिकित्सा विभाग ने बदली व्यवस्था
आदेश लागू होने के पहले ही दिन मरीज को नहीं मिला डॉक्टर, घायल महिला को इलाज के लिए लाना पड़ा कोटा।

कोटा। सिमलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रात के समय डॉक्टर नहीं मिलने की समस्या को लेकर 'दैनिक नवज्योति' में खबर प्रकाशित होने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था में बदलाव किया है। सीएचसी में रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाएं शुरू करने के लिए तीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। ये चिकित्सक अलग-अलग दिनों में शाम 6 बजे से सुबह 9 बजे तक मुख्यालय पर रहकर इमरजेंसी सेवाएं देंगे। सीएमएचओ डॉ. नरेन्द्र नागर ने इस संबंध में बीसीएमओ सुल्तानपुर को निर्देश जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा है सीएचसी में चिकित्सकों के रिक्त पदों और रात में डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। जनहित और चिकित्सकीय आवश्यकता को देखते हुए सीएमएचओ ने तीन चिकित्सकों को उनके मूल कार्य के साथ अतिरिक्त रात्रिकालीन जिम्मेदारी सौंपी है। यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक लागू रहेगी।

डॉ. नाटाणी दिन में संभालेंगे ओपीडी
सीएमएचओ डॉ. नागर ने बताया कि जिले में चिकित्सकों की कमी के बावजूद सिमलिया में चिकित्सा सेवाएं सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है। सीएचसी में पहले से कार्यरत डॉ. सौरभ नाटाणी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी में उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक ऑन कॉल सेवाएं देंगे। रात्रिकालीन व्यवस्था के लिए अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सकों को लगाया गया है।

पहले हटाए गए डॉ. गुप्ता भी वापस लगाए
इससे पहले 5 नवंबर को डॉ. प्रतुल गुप्ता को सीएचसी सिमलिया में लगाया गया था, लेकिन 13 नवंबर को आदेश निरस्त कर उन्हें मूल पदस्थापन पीएचसी दीगोद भेज दिया गया था। अब नए आदेशों में डॉ. गुप्ता सहित तीन चिकित्सकों को रात्रिकालीन सेवाओं के लिए जिम्मेदारी दी गई है। बीसीएमओ सुल्तानपुर डॉ. राजेश सामर के अनुसार, तीनों चिकित्सकों के साप्ताहिक कार्य दिवस निर्धारित कर दिए गए हैं। वे शाम 6 से सुबह 9 बजे तक सेवाएं देंगे।

खबर के बाद 19 नवंबर को जारी हुए निर्देश
'दैनिक नवज्योति' ने 18 नवंबर को 'नाम की सीएचसी, डॉक्टरों का टोटा...' शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर रात में चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी उजागर की थी। इसके बाद चिकित्सा विभाग ने संज्ञान लेते हुए 19 नवंबर को तीन चिकित्सकों का रात्रिकालीन ड्यूटी रोस्टर निर्धारित करने की कार्रवाई की।

Read More दिवाली पर बनी मां, चार दिन में उजड़ गई गृहस्थी, प्रीति की इलाज के दौरान मौत

आदेश के पहले ही दिन मरीज को नहीं मिला डॉक्टर
नई व्यवस्था के आदेश जारी होने के बावजूद पहले ही दिन व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो गए। स्थानीय निवासी नरेन्द्र मेघवाल ने बताया कि उनकी माता रामलीला के गिरने से चोटिल हो गईं और फ्रैक्चर होने की आशंका पर वे शाम करीब 7 बजे सिमलिया अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं मिले। एक्स-रे की सुविधा भी नहीं होने से उन्हें अगले दिन आने या मरीज को कोटा ले जाने के लिए कहा गया।  आखिरकार उन्हें अपनी माता को इलाज के लिए कोटा लाना पड़ा।

Read More मैदान से मंच तक पहचान बनाई, अब तक 275 खिलाड़ियों को तराशा

ग्रामीण बोले- व्यवस्था स्थायी हो, सिर्फ आदेशों तक सीमित नहीं रहे
ग्रामीणों ने विभाग के फैसले का स्वागत किया, लेकिन व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाने की मांग भी उठाई। सोनू मीणा ने कहा कि रात में इलाज नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी है। यह कदम पहले ही उठाया जाना चाहिए था। अब इसे स्थायी रूप से जारी रखना जरूरी है। रवि मीणा ने कहा कि ग्रामीणों को समय पर उपचार मिले, इसके लिए चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ जरूरी जांच और अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Read More कोटा में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, ब्रेजा कार की स्टेपनी से 16.431 किलो अफीम जब्त

Post Comment

Comment List

Latest News

बूंदी पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर बूंदी पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर
तालेड़ा में कांग्रेस का दबदबा; केशवरायपाटन में भी बदले चुनावी समीकरण।
असर खबर का : सिमलिया सीएचसी में रात को डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई, खबर के बाद चिकित्सा विभाग ने बदली व्यवस्था
Voice Of Youth: धरोहरों की पुकार, युवाओं की जिम्मेदारी... विरासत बचाने को उठाएं कदम
वी. श्रीनिवास ने वैश्विक सुशासन के लिए देशों के बीच प्रशासनिक अनुभव साझा करने पर दिया जोर
दीपावली तक सड़कें गड्ढामुक्त करने की सरकारी योजना फेल, प्रदेशभर में बदहाल सड़कों से आमजन परेशान
सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुतिन-ट्रंप-जिनपिंग की बैठक पर राहुल का तंज, बोले- कांग्रेस  की सरकार होती तो भारत के PM भी होते साथ