Voice of Youth : कमांड का गुलाम है रोबोट, मरीज के मन को नहीं पढ़ सकता
तकनीक इलाज कर सकती है, संवेदना नहीं समझ सकती
कोटा। चिकित्सा विज्ञान आज एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां मशीनों की सटीकता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की गति ने इलाज के पारंपरिक तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। बड़े महानगरों से लेकर अब राज्यों के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों और सरकारी अस्पतालों तक में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत हो चुकी है। एआई के दौर में जब शिक्षा में डिजिटलीकरण हो तो चिकित्सा विभाग भी अब रोबोटिक सर्जरी करवा रहा हैं। पर इसमें डॉक्टर व मरीज का भावानत्मक रिश्ता खत्म हो जाता है, रोबोट केवल कमांड पर काम करता है जबकि डॉक्टर मरीज की सुनकर इलाज करता है।
मेरे नजरिये से देखा जाए तो जब हर क्षेत्र में एआई (AI) आ गई है, तो मेडिकल साइंस के फील्ड में भी इसका आना स्वाभाविक है। लेकिन, रोबोट केवल दिए गए कमांड पर काम करता है; उसे जो निर्देश मिलता है, वह उसी को पूरा करता है। ऐसी स्थिति में रोबोट तकनीकी रूप से इलाज या सर्जरी तो कर सकता है, पर वह एक डॉक्टर की तरह मरीज की तकलीफ को न तो सुन सकता है और न ही उसकी भावनाओं को समझ सकता है।
- विश्वास आचोलिया
मेडिकल साइंस में एआई और रोबोटिक तकनीक का आना अच्छा है, क्योंकि आज हर क्षेत्र बदल रहा है। पर हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि रोबोट सिर्फ कमांड का गुलाम है। जो निर्देश मिलेगा, वह वही करेगा। ऐसे में रोबोट केवल मशीनी इलाज कर सकता है, लेकिन मरीज की वास्तविक परेशानी को सुनने और समझने के लिए डॉक्टर का मानवीय स्पर्श ही जरूरी है। वहीं देखा जाएं तो कई बार डॉक्टर मरीज की परेशानियों को सुनकर ही उसका इलाज कर देता है।
-दीपक गौतम
मरीज जब डॉक्टर के पास जाता है, तो वह केवल अपनी बीमारी के लक्षण नहीं बताता, बल्कि अपना दुख-दर्द भी साझा करता है। कई बार शारीरिक दर्द के पीछे गहरा मानसिक तनाव छिपा होता है। एक संवेदनशील डॉक्टर मरीज की आवाज के उतार-चढ़ाव, उसके चेहरे के भाव और उसकी चुप्पी से भी उसकी असली तकलीफ को भांप लेता है। इसके विपरीत, एआई और रोबोटिक प्रणाली केवल उन्हीं लक्षणों का विश्लेषण कर सकती है, जो कंप्यूटर सिस्टम में दर्ज किए गए हैं।
- नेहा अग्रवाल
चिकित्सा पेशा केवल एक तकनीकी कौशल नहीं है, बल्कि यह सेवा, करुणा और समर्पण का क्षेत्र है। यदि अस्पतालों में तकनीक का उपयोग बढ़ने के साथ-साथ डॉक्टर और मरीज के बीच का संवाद कम होता गया, तो यह स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ा नुकसान होगा। मशीनीकरण की दौड़ में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए कि अस्पताल महज 'सर्विस सेंटर' बनकर न रह जाएं, जहां शरीर की मरम्मत तो हो, लेकिन इंसान की भावनाओं की कोई कद्र न हो।
-राजू कुमार
रोबोटिक सर्जरी और एआई को डॉक्टर के एक सशक्त हथियार और सहायक के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि डॉक्टर के विकल्प के रूप में। तकनीक का काम सर्जरी को सटीक बनाना है, कम समय में बेहतर परिणाम देना है और जटिलताओं को कम करना है। लेकिन मरीज के मन में जीने की इच्छा जगाना, उसके परिवार को संबल देना और इलाज के बाद उसके चेहरे पर मुस्कान लाना यह जिम्मेदारी हमेशा एक इंसान यानी डॉक्टर के हिस्से में ही रहेगी।
-किंषिका जैन

Comment List