दर्शक हर तरह के हीरो को पसंद करते हैं, सूरज बड़जात्या देते हैं सबसे सच्चा और निर्मल नायक : आयुष्मान खुराना
दूसरों को खुद से पहले रखता है और सही काम करने को ही अपनी ताकत
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना का मानना है कि सिनेमा में हर तरह के नायकों के लिए जगह है, लेकिन अच्छाई, दयालुता और सच्चाई के रास्ते पर चलने वाले नायक की अपनी अलग पहचान होती है। सूरज बडज़ात्या की फिल्म'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान प्रेम नामक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो प्यार में विश्वास करता है, दूसरों को खुद से पहले रखता है और सही काम करने को ही अपनी ताकत मानता है।
आयुष्मान ने कहा कि दर्शक हर तरह के नायकों को पसंद करते हैं। इनमें बड़े और भव्य अंदाज वाले नायक, खामियों से भरे किरदार और वास्तविक भावनाओं से जूझने वाले पात्र शामिल हैं। उन्हें भी अपने करियर में ऐसे कई किरदार निभाने का अवसर मिला है। हालांकि, दिल से आगे बढऩे वाले नायक की खूबसूरती भी अलग होती है। सूरज बडज़ात्या दर्शकों के सामने ऐसा ही सच्चा और निर्मल नायक पेश करते हैं। उनकी कहानी कहने की शैली में मासूमियत और सादगी है, जो मानवीय रिश्तों की अच्छाई पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करती है।उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया चरम सीमाओं की ओर बढ़ती नजर आ रही है, सूरज बडज़ात्या का सिनेमा यह संदेश देता है कि अच्छा होना भी एक बड़ी खूबी है। उनकी फिल्मों में परिवार, प्यार, आपसी विश्वास और मानवीय मूल्यों को हमेशा प्रमुखता मिली है, जिससे दर्शक सहज रूप से जुड़ाव महसूस करते हैं।
आयुष्मान ने कहा कि अब तक उन्होंने ऐसे पुरुष किरदार अधिक निभाए हैं, जो अपूर्ण और कई तरह की खामियों से भरे होते हैं। ऐसे में आदर्शवादी प्रेम का किरदार निभाना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव रहा। उन्होंने कहा,''मेरे पहले के किरदारों ने दुनिया को वैसा दिखाया, जैसी वह है। प्रेम आपको दुनिया की एक झलक देता है कि वह कैसी हो सकती है।''

Comment List